Assistant police strike : अनिश्चितकालीन हड़ताल 150 सहायक पुलिस जवान , तीन दिन तक करेंगे हड़ताल, दस को सीएम आवास का घेराव…
1 min read
Assistant police strike : अनिश्चितकालीन हड़ताल 150 सहायक पुलिस जवान , तीन दिन तक करेंगे हड़ताल, दस को सीएम आवास का घेराव…
NEWSTODAYJ : दुमका : समान कार्य समान वेतन, स्थायीकरण एवं झारखंड पुलिस में सिपाही के पद पर सीधी नियुक्ति की मांग को लेकर जिले के 150 सहायक पुलिस के जवान सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। हड़ताल पर जाने से पहले सभी ने मेजर को इस आशय की लिखित सूचना भी दी।
सहायक पुलिसकर्मी अनंत देव, आस्तिक मंडल व विश्वनाथ दुलई ने कहा कि सरकार ने उनके साथ छल किया है। नियुक्ति के समय कहा था कि तीन साल का अनुबंध समाप्त होते ही सभी की आरक्षी पद पर सीधी बहाली कर दी जाएगी। अगस्त में अनुबंध समाप्त होने के बाद सरकार ने कोई दिशा निर्देश जारी नहीं किया है।
तीन दिन तक काला बिल्ला लगाकर विरोध करने के बाद भी सरकार ने अपने वादे पर अमल करना जरूरी नहीं समझा। इधर, जरमुंडी में सहायक पुलिस उपेंद्र मुर्मू, एलिजाबेथ सोरेन ने बताया कि नौ तक इसी तरह से सभी हड़ताल पर रहेंगे और 10 सितंबर को रांची में मुख्यमंत्री व राजभवन का घेराव किया जाएगा। शांति टुडू ने कहा कि झारखंड राज्य के दुमका जिला समेत 12 नक्सल प्रभावित जिलों में पिछले 3 साल से कार्यरत 2500 सहायक पुलिस कर्मियों ने अपने अनुबंध समाप्ति के बाद सेवा में स्थायीकरण नहीं कर अपने वादे से मुकर गई है।
तीन साल समाप्ति के बावजूद झारखंड सरकार के द्वारा सहायक पुलिस के प्रति कोई ठोस सकारात्मक पहल नहीं किए जाने को लेकर सहायक पुलिस के द्वारा यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। विरोध करने वालों में राहुल कुनूई, राजेश हांसदा, सूरज कुमार, उपेंद्र मुर्मू, शांति टुडू, एलिजाबेथ सोरेन सहित अन्य सहायक पुलिस मौजूद थे।