
पटना।
बिहार के कांग्रेस विधायक सदानंद सिंह ने कहा- बिहार में वर्तमान में केवल भारतीय जनता पार्टी मजबूत है।
पटना। बिहार कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह ने कहा कि विपक्षी महागठबंधन में शामिल सबसे बड़ी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को अपना “अहंकार” को छोड़ देना चाहिए। बताते चलें कि बिहार प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सदानंद सिंह ने प्रदेश में विपक्षी महागठबंधन के नेताओं की लोकसभा चुनाव के बाद पहली बैठक के एक दिन बाद इस आशय की टिप्पणी की है। महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर), आरएलएसपी और विकासशील इंसान पार्टी शामिल है। वहीं सिंह ने कहा कि “हमें इस तथ्य को स्वीकार करना चाहिए कि बिहार में वर्तमान में केवल एक ही पार्टी वास्तव में मजबूत है, जो की बीजेपी है। हम सभी बीजेपी की तुलना में बहुत कमजोर हैं।’ उन्होंने कहा कि महागठबंधन के किसी भी घटक के लिए बेहतर मतदाता आधार और विधानसभा में अधिक संख्या बल के अनुसार दावा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा, “आरजेडी को विचार करने की जरूरत है कि राज्य में बड़ी पार्टी होने और अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद एक भी सीट पर जीत हासिल करने में कामयाब क्यों नहीं रही। राजनीति में अहंकार उचित नहीं है” और कहा कि एनडीए की ‘बाजीगरी’ के बावजूद कांग्रेस एक सीट जीतने में सफल रहे थे।