झारखण्ड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन ने ली शपथ
1 min read
झारखण्ड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन ने ली शपथ
NEWS TODAY रांची :: झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने शपथ ली है। राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू ने हेमंत सोरेन को शपथ दिलाई। इस दौरान हेमंत ने अपने पद और गोपनीयता की शपथ ली। उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और राजद के सत्यानंद भोक्ता ने भी मंत्री पद की शपथ ली है।झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल में रामेश्वर उरांव कांग्रेस कोटे से दूसरे मंत्री बनाए गए हैं। आइपीएस सेवा से वीआरएस लेकर राजनीति में आए रामेश्वर उरांव दो बार केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं।इससे पहले मुख्यमंत्री की ओर से राजभवन को इन मंत्रियों को शपथ दिलाने के लिए सूची भेजी गई है। समझा जा रहा है कि खरमास के बाद अब हेमंत मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, जिसमें सभी नामों पर फैसला होगा। फिलहाल कांग्रेस से पांच, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से छह और राजद से एक को मंत्रिमंडल में शामिल करने के फॉर्मूले पर महागठबंधन में सहमति बनी है। आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव और सत्यानंद भोक्ता को हेमंत कैबिनेट में मंत्री बनाया गया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मंत्रिपरिषद में बतौर मंत्री राजद कोटे से सत्यानंद भोक्ता ने शपथ ली है। चतरा के विधायक सत्यानंद भोक्ता को राज्यपाल ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद भोक्ता ने सीएम हेमंत सोरेन और आगंतुकों से मिलकर उनका अभिवादन किया।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, शरद यादव, सीताराम येचुरी, डी राजा और तेजस्वी यादव मंच पर पहुंचे हैं। यहां बिहार के राजद नेता जयप्रकाश नारायण यादव भी पहुंचे हैं। तमाम वीवीआइपी के बीच समारोह के मंच पर आप नेता संजय सिंह, अतुल अंजान के अलावा कई मंत्री और नेता समारोह में शामिल हुए।