
पटना।
जरूरतमंदों के लिए अपने बचे खाने को स्टेशनों पर रखे फ्रिज में रख सकेंगे रेलयात्री। क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर……..
पटना। बिहार के पटना रेलवे स्टेशन पर रेलवे विभाग द्वारा फ्रिज की व्यवस्था होने जा रही है। बताते चलें कि यह फ्रिज इसलिए रखे जायेंगे कि रेल यात्रा के दौरान अपने अतिरिक्त भोजन को यात्री जरूरतमंदों को दे सकें। वहीं यात्रियों के बचे खाने को स्टेशनों पर रखे फ्रिज में रखने के बाद इसे जरूरतमंदों में बांटा जायेगा। बता दें कि पटना जंक्शन पर जल्द ही यह सुविधा शुरू होने जा रही है। फिलहाल यह सुविधा रेलवे द्वारा कर्नाटक के हुबली स्टेशन पर शुरू की गई है। इस योजना की सफलता से उत्साहित होकर रेलवे द्वारा अन्य जोन के स्टेशनों पर भी यह व्यवस्था शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। पटना जंक्शन के एक वरीय रेल अधिकारी ने इस बारे में बताया कि खाना बांटने में अभी रेल यात्रियों को ही प्राथमिकता दी जा रही है।
ऐसी व्यवस्था रेलवे द्वारा अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी शुरू करने की तैयारी की जा रही है। पहले यह व्यवस्था ए और ए1 ग्रेड के स्टेशनों पर शुरू होगी। पटना जंक्शन ए1 ग्रेड प्राप्त स्टेशन है। अधिकारी ने बताया कि फ्रिज लगभग छह फुट ऊंचाई की होगी। इसमें दो रैक तैयार खाने के लिए तथा नीचे की रैक फल, सब्जी आदि के लिए हैं। ऐसे यात्री जो अपने साथ अतिरिक्त खाना ले जा रहे हैं, और उसे फेंकना नहीं चाह रहे हैं तो इस फ्रिज का इस्तेमाल कर सकते हैं।
बताते चलें कि इस खाने को वरीय नागरिकों, दिव्यागों और बीमार रेल यात्रियों को बांटा जाएगा। फ्रिज में पैंट्रीकार और स्टेशनों के फूड प्लाजा की बची खाद्य सामग्री को भी रखा जाएगा। यात्री पैंट्रीकार में कर्मी के सहयोग से भी बचे खाने को रखवा सकते हैं। जरूरतमंद लोग इस फ्रिज से निशुल्क भोजन ले सकेंगे।