
Politics News : कांग्रेस की दुविधा से क्षेत्रीय दल भी परेशान, विपक्षी राजनीति के लिए साबित हो रहा नुकसानदेह…
NEWSTODAYJ : नई दिल्ली। कांग्रेस ने अपने नए अध्यक्ष का चुनाव पांच महीने के लिए टालकर लंबे अर्से से ठहराव की स्थिति में खड़ी विपक्षी राजनीति की गाड़ी के आगे बढ़ने का इंतजार और बढ़ा दिया है। चुनाव टलने से साफ हो गया है कि आपसी झगड़े में पार्टी यह तय नहीं कर पा रही कि देश की राजनीति ज्यादा बड़ी है या कांग्रेस की अंदरूनी चुनौती। पार्टी की यह दुविधा विपक्षी राजनीति की अगुआई के लिए कांग्रेस की ओर निहार रहे क्षेत्रीय दलों को भी अब परेशान करने लगी है।कांग्रेस का संगठन चुनाव टाले जाने को लेकर संप्रग के पुराने घटक दलों के कुछ नेताओं ने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि वास्तव में उसका यह कदम विपक्षी राजनीति के लिए नुकसानदेह है।
कांग्रेस अपने अंदरूनी झगड़े में जितने समय तक उलझी रहेगी, उसका एक-एक दिन विपक्ष के लिए भारी पड़ेगा। इन नेताओं का कहना था कि वर्तमान राजनीतिक व आर्थिक परिदृश्य में मजबूत और आक्रामक विपक्ष सियासत की अपरिहार्य जरूरत है। स्वाभाविक रूप से इसमें कांग्रेस के नेतृत्व की सबसे अहम भूमिका है। मगर विडंबना यह है कि इस भूमिका में ऊर्जा लगाने के बजाय पार्टी अपने नए नेतृत्व की दुविधा में फंसी हुई है।