
न्यूज़ सुने
|
Jharkhand News : BJP पार्टी का आरोप पिछले एक साल में 1765 “बलात्कार” की घटनाएं हुई , हरदिन 5 महिलाओं को शिकार बनाया गया , राज्यपाल चिंतित, CM को किया तलब…
NEWSTODAYJ : झारखंड में महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसा पर राजभवन ने चिंता जताई है। राजधानी रांची समेत कई ज़िलों में रेप, गैंगरेप और आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं। लिहाज़ा, राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राजभवन बुलाकर अपनी चिंता से अवगत कराया। राज्यपाल ने कहा कि, बलात्कार और आपराधिक घटनाओं से राज्य की छवि धूमिल होती है।
लिहाज़ा, इसपर विराम लगना चाहिए। राजभवन की चिंता को सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को भरोसा दिलाया कि, मामलों की जांच चल रही है। जल्द ही दोषियों को सज़ा दिलाई जाएगी।भाजपा महिला मोर्चा की नेताओं ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर के नेतृत्व में हुई मुलाकात में महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसा पर अविलंब रोक लगाने की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि, पिछले एक साल में 1765 बलात्कार की घटनाएं हुई हैं।
हरदिन 5 महिलाओं को शिकार बनाया गया है। मोर्चा ने राज्यपाल से कहा कि, राज्यभर में बलात्कार के जितने भी मामले दर्ज हैं सभी का निष्पादन फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से हो। ओरमांझी घटना की सीबीआई जांच हो। साथ ही महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसा को लेकर पुलिस-प्रशासन को सख्त निर्देश दिए जाएं।
महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं को लेकर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डॉ. रवि रंजन से दूरभाष पर बात की। इस दौरान फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन को लेकर चर्चा हुई ताकि, ऐसे मामलों का त्वरित निष्पादन हो। साथ ही दोषियों को जल्द सज़ा दिलाई जा सके। राजभवन का मानना है कि, फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन से अपराधियों में भय का माहौल बनेगा। इससे राज्य में आपराधिक घटनाओं में कमी आएगी।