
Coronavirus : भारत में कोरोना ने फिर पकड़ी रफ्तार, बीते 24 घंटे में 23 हजार से ज्यादा मरीज मिले; महाराष्ट्र में 14,317…
NEWSTODAYJ : देश में कोरोना संक्रमितों के आंकड़े लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की मानें तो देश में एक दिन में कोरोना के 23,298 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,13,08,646 हो गई है। करीब ढाई महीने में सामने आए ये सर्वाधिक नए मामले हैं। इससे पहले 25 दिसंबर को 23,067 नए मामले सामने आए थे।
देश में 119 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 1,58,343 हो गई है। नए मरीजों में सबसे ज्यादा 14,317 महाराष्ट्र में मिले हैं। यह कुल संक्रमितों का करीब 69.4% है। महाराष्ट्र में भी बीते 24 घंटै में सबसे ज्यादा केस पुणे में 2,811 और नागपुर में 2,150 में आए हैं।
महाराष्ट्र के जालना जिले में 2 हेल्थ वर्कर वैक्सीन के दोनों डोज लेने के बाद कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि वैक्सीन लेने के कुछ दिन बाद दोनों में कोरोना के हल्के लक्षण दिखाई दिए। उनके सैंपल की जांच की गई तो दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एडिशनल सिविल सर्जन पद्मजा सराफ ने कहा कि दोनों डोज लेने के 42 दिन बाद शरीर में एंटीबॉडी डेवलप होती है। इसलिए वैक्सीन लगवाने के बाद भी कोविड प्रोटोकाल का पालन करना चाहिए।