लालू से मिलने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा कर सकते हैं बड़ा ऐलान
1 min read
रांची।
लालू से मिलने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा कर सकते हैं बड़ा ऐलान
रांची। पूर्व केंद्रीय मंत्री, बॉलीवुड के सुपर स्टार और भाजपा के पटना सांसद शत्रुघ्न सिन्हा शनिवार को रांची के रिम्स में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात के लिए पहुंच रहे हैं। भाजपा का दामन छोड़कर वे राजद की लालटेन जलाने पर भी फैसला ले सकते हैं। संभव है वे आज बड़ा एलान करें। बीते दिन रांची एयरपोर्ट से बाहर निकलने के क्रम में उन्होंने कहा कि वे अपने पारिवारिक मित्र लालू प्रसाद यादव से मिलने और उनकी सेहत का हाल जानने रांची आए हैं। हालांकि राजनीतिक गलियारे में उनकी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात के कयास लगाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि वे इसी सिलसिले में लालू प्रसाद यादव से फाइनल बातचीत करने पहुंचे हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा के बारे में कहा जा रहा है कि पटना साहिब सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं और इस बार भाजपा से टिकट कटने की संभावना को देखते हुए वे राजद के टिकट पर चुनाव लड़ने की जुगत बिठा रहे हैं।
चारा घोटाले के चार मामलों के सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव से शनिवार को मुलाकातियों का दिन होता है। बीते शनिवार उनसे मिलने हम पार्टी के अध्यक्ष बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और राजद के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह पहुंचे थे।