लगातार हो रही बारिश से पूरा देश हुआ पानी-पानी, बिहार और असम में अब तक 214 लोगों की गई जान।
1 min read
नई दिल्ली।
लगातार हो रही बारिश से पूरा देश हुआ पानी-पानी, बिहार और असम में अब तक 214 लोगों की गई जान।
नई दिल्ली। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण देश के कई हिस्से भयंकर बाढ़ की चपेट में हैं। असम और बिहार में स्थिति गंभीर बनी हुई है, जहां अब तक 214 लोगों की जान जा चुकी है। बारिश ने राजस्थान में भी तबाही मचाई है, जहां पिछले दो दिनों में बारिश संबंधित घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में भारी बारिश के बाद छत गिरने से एक लड़की की मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जहां रुक-रुक कर बारिश हो रही थी। बारिश से अमरनाथ यात्रा भी प्रभावित हुई। केवल 3,124 तीर्थयात्री दक्षिण कश्मीर हिमालय के अमरनाथ स्थित पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन कर पाए। बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। दिल्ली में 5.25 मिलीमीटर बारिश हुई और अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 32.5 और 25.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विभाग ने रविवार को हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई, ठाणे और पालघर, रायगढ़ में रविवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं दूसरी ओर बिहार में बाढ़ की स्थिति बहुत गंभीर होती जा रही है, जहां 1,253 पंचायतों के 85.60 लाख लोगों बाढ़ की चपेट में है। राज्य में बारिश संबंधी घटनाओं में अब तक 127 लोगों की मौत हो चुकी है।
जलप्रलय से प्रभावित 13 जिलों में, सीतामढ़ी और मधुबनी सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं, जहां क्रमश: 37 और 30 मौतें हुई है। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित प्रखंडों की संख्या भी बढ़कर 111 हो गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उत्तर बिहार में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की।असम में बाढ़ में मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 81 हो गई है। एक अधिकारिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन अधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि बारपेटा जिले में एक व्यक्ति की मौत होने के बाद बाढ़ की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 81 हो गई है।