राज्य भर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कई कार्यक्रम हुए आयोजित
1 min read
धनबाद।
राज्य भर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कई कार्यक्रम हुए आयोजित
धनबाद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आज धनबाद सहित राज्यभर के विभिन्न जिलों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महिला दिवस पर आज धनबाद में विभिन्न संगठनों की ओर से गोष्ठी, जुलूस और कार्यशाला तथा अन्य कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को सम्मानित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बोकारो जिले के चंदनकियारी के सैंड आर्ट्स अजय शंकर महतो ने दामोदर नदी तट पर बालू पर सैंड आर्ट्स के जरिए महिलाओं की आकृति उकेर कर नारी की महत्ता एवं शक्ति को रेखांकित किया। शीलफोर गांव स्थित दामोदर नदी किनारे पर बालू की रेत में भव्य मूर्ति बनाकर महिला शक्ति को नमन किया। इस सुंदर रंगीन रेत में बने आकृतियों को देखने के लिए नदी किनारे लोगों की भीड़ उमड़ रही है। कलाकार अजय शंकर महतो का कहना है कि इस तरह का रेत में आकृति हम हर पूजा व त्योहार तथा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय दिवस पर बनाते हैं जिसे देखने के लिए बोकारो जिला तथा धनबाद जिला के लोग दूर-दूर से पहुंचते हैं। नदी में रेत कम मात्रा में रहने के कारण कई तरह की भव्य आकृतियां नहीं बना पा रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर रांची स्थित रोटरी क्लब में महिला सशक्तीकरण को लेकर सेमिनार का आयोजन किया गया। वहीं, एडवोकेट एसोसिएशन की तरफ से महिला अधिवक्ताओं का सम्मान नए बार भवन में किया गया।
वहीं जमशेदपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लेडी टार्जन जमुना टुडू को सम्मानित किया गया। जमशेदपुर और आदित्यपुर थाना प्रभारी ने लेडी टार्जन जमुना टुडू को सम्मानित किया। इस मौके पर जमुना टुडू ने कहा कि महिला कभी खुद को कमजोर नहीं समझे, महिला हमेशा खुद को चट्टान और लोहे की तरह मजबूत समझे, निश्चित रूप से सफलता मिलेगी।
इधर, महिला दिवस को लेकर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड की महिलाओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि महिलाओं की स्थिति समाज में जितनी महत्वूपर्ण, समानजनक और सक्रिय होगी उतना ही समाज उन्नत और मजबूत होगा। झारखंड सरकार ने महिलाओं के बहुमुखी विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार इसके लिए कई कार्यक्रम बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री सुकन्या योजना और मुख्यमंत्री कन्यादान जैसी योजना चला रही है।