रांची की 16वर्षीय बेटी को बुलंदशहर में बिकने से पुलिस ने बचाया
1 min read
रांची की 16वर्षीय बेटी को बुलंदशहर में बिकने से पुलिस ने बचाया
NEWS TODAY रांची :: पुलिस की तत्परता से एक 16 वर्षीय रांची कि बेटी को दलाल के चंगुल से बचाया गया हैl राजधानी से 15 किलोमीटर दूर पिस्का नगड़ी क्षेत्र की 16 साल की एक लड़की की उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में खुलेआम बोली लग रही थी। आश्चर्य ये है कि बोली लगाने वालो में 20 साल के युवक से लेकर 80 साल तक के बूढ़े शामिल थे। गनीमत रही की समय रहते पुलिस को भनक लगी और रांची की मानव तस्कर कलावती सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि बुलंदशहर की अहमदगढ़ पुलिस ने लड़की को महिला सेल में रखा है, और पुलिस उसके परिजनों से संपर्क का प्रयास कर रही है।अहमदगढ़ थाना प्रभारी धनेंद्र यादव के मुताबिक लड़की ने बताया कि उसकी मां का एक साल पहले निधन हो गया है। उसकी सौतेली मां ने उसे उसी के गांव की रहने वाली मानव तस्कर कलावती के पास 50 हजार रुपए में बेच दिया था। इसके बाद कलावती उसे बेचने के लिए बुलंदशहर ले आई। थाना प्रभारी ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दो महिला सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें कलावती और एक अन्य महिला के अलावा यूपी के खुर्जा निवासी राजेश, धीरेंद्र, औरंगाबाद के गंगाहरी निवासी जीतेंद्र व इंद्रसिंह, अहमदगढ़ के नौरंगाबाद निवासी महेंद्र शामिल हैं।
गौरतलब है कि, पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के पास से 12 हजार रुपए भी बरामद किया है। यूपी पुलिस के मुताबिक मानव तस्कर कलावती नाबालिग लड़की को लेकर नौरंगाबाद निवासी महेंद्र के घर पहुंची थी। वहां से आसपास के लोगों को लड़की की बोली लगाने के लिए बुलाया गया
मानव तस्करी मामले में कलावती दो साल पहले भी जेल जा चुकी है। लड़की के बेचने की खबर गांववालों को भी लग चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि कलावती पिस्का नगड़ी के आसपास के इलाको की लड़कियों को नौकरी दिलाने के बहाने बाहर ले जाकर उसे बेच देती है। जिसके एवज में एक लड़की के बदले उसे 40 से 50 हजार रुपए तक मिल जाते हैं। यूपी पुलिस के मुताबिक कलावती झारखंड की कई लड़कियों को यूपी के बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ और बुलंदशहर में बेच चुकी है।