मनोहर पर्रिकर का लम्बी बीमारी के बाद निधन
1 min read
पणजी।
मनोहर पर्रिकर का लम्बी बीमारी के बाद निधन
पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर का लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया। 63 वर्षीय पर्रिकर ने अपने पुत्र के निवास पर दम तोड़ा।
इससे पहले गोवा के मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से ट्वीट कर बताया गया था कि ‘मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की हालत बेहद गंभीर है।’ बता दें कि मनोहर पर्रिकर को पिछले दिनों अचानक उनके स्वास्थ्य में गिरावट देखने के बाद गोवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। पर्रिकर अग्नाशय कैंसर से पीड़ित थे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मनोहर पर्रिकर के निधन की पुष्टि की। राष्ट्रपति ने ट्वीट कर मनोहर पर्रिकर के निधन पर दुख जताया।
मनोहर पर्रिकर को फरवरी 2018 में अग्नाशय के कैंसर होने की पुष्टि हुई थी। तब से उनकी सेहत में लगातार गिरावट देखी जा रही थी। पिछले दिनों उनकी तबियत बिगड़ने के पीछे उनके रक्तचाप में तेजी से गिरावट बताया गया था।
शनिवार को भाजपा विधायक और गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष माइकल लोबो ने मीडिया को बताया था कि पिछली रात से मनोहर पर्रिकर की तबियत काफी खराब है। डॉक्टर्स उनकी निगरानी कर रहे हैं और उनका कहना था कि उनकी सेहत में सुधार नहीं दिख रहा है। इस ब्यान के बाद से ही पर्रिकर की सेहत को लेकर अटकलें लगाई जा रहीं थीं।
गोवा में 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव नजदीक हैं और प्रत्याशियों का चयन होना अभी बाकी है। माइकल लोबो ने कहा था कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन नहीं होगा, जब तक मनोहर पर्रिकर हैं। केवल वही मुख्यमंत्री रहेंगे और किसी ने उन्हें बदलने की मांग नहीं की है। हम प्रार्थना कर रहे हैं कि वो ठीक हो जाएं, लेकिन कोई उम्मीद नहीं है, वह बहुत बीमार हैं। लेकिन अगर उन्हें कुछ होता है तो नया मुख्यमंत्री बीजेपी से ही होगा।