बारात में चली गोली से एक की मौत
1 min read
पटना।
बारात में चली गोली से एक की मौत
पटना। बिहार के जमुई में एक बारात में चली एक गोली से एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। शनिवार रात जमुई के नगर थाना के दौलतपुर गांव में एक शादी समारोह में बारात लगाने के दौरान यह घटना हुई। फायरिंग में घायल हुए युवक को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। बारात जमुई जिले के गिद्धौर थाना इलाके स्थिति पतसंडा गांव से आई थी। फिलहाल फायरिंग करने वाले युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि नगर थाना के दौलतपुर गांव में फुलेश्वा ठाकुर की बेटी की शादी के लिए गिद्धौर के हरि ठाकुर के बेटे की बारात आई हुई थी। मृतक और घायल युवक भी बारातियों में ही शामिल थे। रात करीब 11:30 बजे डीजे पर कुछ युवक डांस कर रहे थे कि तभी, किसी ने गोली चला दी, जिससे संदीप की मौत हो गई। वहीं बारात में शामिल परिजनों का कहना है कि किसी ने जानबूझकर फायरिंग की। मृतक के परिजनों का आरोप है कि गोली चलाने वाला युवक दौलतपुर गांव का ही निवासी है।
घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने बताया कि बारात लगने के दौरान डीजे बज रहा था, जिसमें गोली सामने से चलाई गई।
मृतक युवक की पहचान सोनो के देहरी गांव निवासी संदीप ठाकुर के रूप में हुई है। वहीं घटना में घायल युवक की पहचान चरकापत्थर थाना स्थित खरीक गांव निवासी सुभाष यादव के रूप में हुई है।