
नई दिल्ली।
पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली पंचतत्व में विलीन, बेटे ने दी मुखाग्नि। क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर……
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली पंचतत्व में विलीन हो गए। आज पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ नई दिल्ली के निगमबोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं बताते चलें कि उनके अंतिम संस्कार में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और उनके सैकड़ों प्रशंसक तथा पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। स्व. अरूण जेटली के बेटे रोहन जेटली ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। बता दें कि 66 वर्षीय जेटली का शनिवार को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उन्हें पिछले नौ अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था।
वहीं आज उनके अतिम संस्कार में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, भाजपा के वरिष्ठ नेता एलके आडवाणी, पार्टी अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी के कार्यवाहक अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर, भाजपा सांसद विजय गोयल और विनय सहस्रबुद्धे, कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और कपिल सिब्बल निगमबोध घाट पर मौजूद रहे। वहीं महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, बिहार और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री क्रमश: देवेंद्र फड़णवीस, विजय रुपाणी, बीएस येदियुरप्पा, नीतीश कुमार और त्रिवेंद्र सिंह रावत भी अंतिम संस्कार में मौजूद रहे।