केन्द्र में अगली सरकार भाजपा की बनी तो अनंतकाल के लिए प्रधानमंत्री बने रहेंगे मोदी : केजरीवाल
1 min read
नई दिल्ली
केन्द्र में अगली सरकार भाजपा की बनी तो अनंतकाल के लिए प्रधानमंत्री बने रहेंगे मोदी : केजरीवाल
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दावा किया कि अगर केन्द्र में अगली सरकार भाजपा की बनी तो नरेन्द्र मोदी अनंतकाल के लिए प्रधानमंत्री बने रह जाएंगे क्योंकि फिर देश में 2019 के बाद कोई चुनाव नहीं होगा। केजरीवाल ने मोदी पर देश चलाने के लिए तानाशाह एडोल्फ हिटलर की युक्तियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से भगवा दल की हार सुनश्चित करने को अपील की।
उन्होंने कहा, ‘आज, हर देशभक्त का लक्ष्य मोदी सरकार को किसी भी कीमत पर सत्ता में वापस आने से रोकना होना चाहिए।।अगर भाजपा 2019 में सत्ता में आई तो, वह (मोदी) अनंतकाल के लिए प्रधानमंत्री बने रह जाएंगे।’ केजरीवाल ने आगाह किया कि अगर मोदी एक बार फिर प्रधानमंत्री बने तो देश में फिर चुनाव नहीं होगा।
एक कार्यक्रम में उन्होंने यह बयान दिया। मुख्यमंत्री ने गुड़गांव में एक मुस्लिम परिवार की बर्बरता से की गई पीटाई की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आज, अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को बिना किसी कारण के पीटा जा रहा है, उत्पीड़ित किया जा रहा है और उनकी हत्या की जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘ आज, जो भी मोदी सरकार पर सवाल उठाता है उसे ‘‘देश-विरोधी’घोषित कर दिया जाता है।’ दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर 12 मई को मतदान होगा।
आम आदमी की तमाम कोशिशों के बावजूद दिल्ली में अब तक आप और कांग्रेस में गठबंधन नहीं हो पाया है। दिल्ली कांग्रेस का एक धड़ा मानता है कि आप से गठबंधन पर उसे नुकसान होगा। वहीं आम आदमी पार्टी लगातार गठबंधन के लिए कोशिशें कर रही है। इस समय दिल्ली की सभी 7 सीटें बीजेपी के पास हैं। हालांकि दिल्ली के लिए आप अपने सभी उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।