कड़िया मुंडा ने कहा- वापस खेत में चले जाएंगे
1 min read
रांची।
कड़िया मुंडा ने कहा- वापस खेत में चले जाएंगे
रांची। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को 10 लोकसभा सीटों के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। इन दस सीटों में से आठ सीटें भाजपा के कब्जे में है, पार्टी ने आठ में से सात सीटिंग सांसदों को पुनः उम्मीदवार बनाया है, लेकिन खूंटी में उम्रदराज और पद्मभूषण से सम्मानित कड़िया मुंडा की जगह पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी के इस फैसले के बावजूद खूंटी संसदीय क्षेत्र में संगठन के नेताओं-कार्यकत्र्ताओं में कोई नाराजगी नहीं देखी जा रही है। यहां तक तक कड़िया मुंडा ने खुद भी कहा है कि वे पार्टी नेतृत्व के निर्देश का पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि वे खेतों से निकलकर दिल्ली पहुंचे थे। अब वापस खेत में चले जाएंगे।
कड़िया मुंडा ने कहा कि उनकी बहुत सारी इच्छाएं पूरी हो गईं। मलाल यही रहा कि जिस सोच के साथ झारखंड का निर्माण हुआ, वह पूरा नहीं हो सका। लोगों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल सकी। कड़िया मुंडा खूंटी संसदीय क्षेत्र का आठ बार प्रतिनिधित्व कर चुके है और वे लोकसभा के उपाध्यक्ष का पद भी संभाल चुके है।
बकौल कड़िया मुंडा जंगल एवं खेत खलिहान से निकल कर संसद पहुंचा था। पार्टी ने उम्मीदवार नहीं बनाया है, इसलिए पुनः खेत खलिहान पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति कोई पेशा नहीं है। यह तो सेवा का प्लेटफॉर्म है। पेशा मेरा खेती थी, पुनः इसे अपनाएंगे। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के कार्यकर्ता हूं। संगठन के निर्देश का पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी एवं खूंटी की जनता ने उन्हें बहुत सम्मान दिया है। आठ बार यहां से प्रतिनिधित्व का मौका मिला।